
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम पर चल रही अटकलों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संसदीय बोर्ड की बैठक जारी है। इस बैठक में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के नाम पर चर्चा हो रही है, और जल्द ही इसके नाम की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। इसके अलावा, दिल्ली विधानसभा दल के लिए पर्यवेक्षकों के नाम भी घोषित किए जाएंगे।
भाजपा 27 साल बाद सत्ता में, कौन बनेगा दिल्ली का नया सीएम?
भाजपा ने हाल ही में संपन्न हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में शानदार जीत दर्ज करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) को सत्ता से बाहर कर दिया। 8 फरवरी को घोषित हुए चुनाव परिणामों में भाजपा को 70 में से 48 सीटें मिलीं, जबकि आम आदमी पार्टी केवल 22 सीटों पर सिमट गई। वहीं, कांग्रेस लगातार तीसरी बार अपना खाता खोलने में नाकाम रही।
दिल्ली में सरकार बनाने के बाद भाजपा अब मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे योग्य उम्मीदवार की तलाश में है। संभावित नामों में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, सांसद परवेश वर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता का नाम प्रमुख रूप से चर्चा में है।
रेखा गुप्ता को मिल सकती है कमान?
भाजपा महिला चेहरे को मुख्यमंत्री बना सकती है, ऐसी अटकलें तेज हो गई हैं। शालीमार बाग से भाजपा विधायक चुनी गईं रेखा गुप्ता इस रेस में आगे बताई जा रही हैं। उन्होंने हाल ही में हुए चुनावों में आम आदमी पार्टी की बंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराया था। रेखा गुप्ता दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) की पूर्व अध्यक्ष और महासचिव रह चुकी हैं। इसके अलावा, वे भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य और दिल्ली प्रदेश इकाई की महासचिव भी रही हैं।
कल होगा शपथ ग्रहण समारोह, पीएम मोदी रहेंगे मौजूद
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का भव्य शपथ ग्रहण समारोह कल, 20 फरवरी को रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कैबिनेट के मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम का शेड्यूल:
- सुबह 11 बजे से 12 बजे तक अतिथियों के आगमन और बैठने की प्रक्रिया होगी।
- 12:10 बजे तक मुख्यमंत्री पद के लिए नामित उम्मीदवार और संभावित मंत्रीगण मुख्य सचिव और अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा औपचारिक रूप से स्वागत किए जाएंगे।
- 12:35 बजे मुख्यमंत्री और मंत्रीगण शपथ ग्रहण करेंगे।
भाजपा के वरिष्ठ नेता तरुण चुघ और विनोद तावड़े इस भव्य समारोह की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।
दिल्ली को नई सरकार से क्या उम्मीदें?
27 वर्षों बाद दिल्ली की सत्ता में लौटी भाजपा से जनता को काफी उम्मीदें हैं। प्रदूषण नियंत्रण, महिला सुरक्षा, पानी और बिजली की समस्या, अवैध कॉलोनियों का विकास और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं के समाधान की दिशा में सरकार से ठोस कदम उठाने की उम्मीद है।
अब सबकी निगाहें भाजपा की घोषणा पर टिकी हैं कि दिल्ली का नया मुख्यमंत्री कौन बनेगा? जल्द ही इस सस्पेंस से पर्दा उठेगा और भाजपा का दिल्ली में नया नेतृत्व सामने आएगा।
ये भी पढ़ें… दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का भव्य शपथ ग्रहण समारोह: जानिए क्या होगा खास
ऐसी खबरों के लिए हमें फॉलो करें:-https://indiabriefs.com/